औरत लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
औरत लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मई 13, 2020

हक़


हटा दिए हैं मैंने खिड़कियों से
गहरे रंग के पर्दे
बेरोकटोक आता है अब
मुस्कुराता हुआ सूरज
शरमाता हुआ चांद।
मुझे मंज़ूर नहीं हवाओं का तुमसे गुजरकर पहुंचना मुझ तक
मंज़ूर नहीं कि कोई तय करे मेरे हिस्से की धूप
मेरे आंगन की बारिशें
मेरी चाय की शक्कर
मेरी लिपस्टिक का कलर

नहीं देना है मुझे अब
मुस्कुराने और गुनगुनाने का हिसाब
उदासियों और खामोशियों का जवाब
ज़िन्दगी और मेरे दरमियां
अब कोई बिचौलिया न हो...

अप्रैल 27, 2012

पति से बिछुड़ी औरत



पति से बिछुड़ी औरत
एक रद्दी किताब है
जो पढ़ी जा चुकी है
एक-एक पन्‍ना
और फेंक दी गई है दुछत्ती पर
धुंधला गए हैं उसके अक्षर
ज़िल्द के चिथड़े हो गए हैं।

पति से बिछुड़ी औरत
एक घायल सिपाही है।
उसके हथियार छीन लिए गए हैं
सिंदूर चूड़ियां बिछुवे,
इनके बगैर वह लड़ नहीं सकती।

उसे दिखाया नहीं गया
कोई और रस्ता।
उसके घर में
बाहर की ओर खुलने वाला दरवाजा
बंद हो गया है।
ढक दी गई है रोशनदान-खिड़कियां
परंपरा के मोटे परदों से।

पति से बिछुड़ी औरत
एक ज़िंदा सती है।
उसके सपनों का दाह-संस्‍कार नहीं हुआ
अपने अरमानों की राख
किसी गंगा में प्रवाहित नहीं की उसने
अब उसे कामनाओं की अग्नि-परीक्षा में
तप कर कुंदन बनना है।

पति से बिछुड़ी औरत
निगाहें नीची करके चलती है।
अपने कलंक से झुक गई है उसकी गर्दन
उसके खाते में पुण्य का बैलेंस इतना नहीं था
कि पति उसके माथे पर सिंदूर
और मुंह में आग रख सके।
अब उसे प्रायश्चित करना है उम्र भर।

पत्‍नी से बिछुड़ा आदमी
किसी बेस्ट सेलर का सेकेंड एडिशन है
नई जिल्द, नए कलेवर के साथ।
लोग देखते हैं उसे दिलचस्पी से
किसी खाली अलमारी में
उसे सजाने के ख्वाब देखते हैं।

पत्नी से बिछुड़ा आदमी
कर्मयोगी है,
वह संसार से भाग नहीं सकता
उसे जीवन पथ पर आगे बढ़ना है
नई उम्मीदों, नए हौसलों के साथ।
मृत्यु तो एक शाश्‍वत सत्य है
और... परिवर्तन प्रकृति का नियम।

अप्रैल 18, 2012

नदी..



मेरे भीतर मचलती है नदी
छुई मुई सी, सकुचाई सी
दुनिया के रंगों से भरमाई सी
छुओ तो चिहुंकती है
बेबात खिलखिलाती है
हर वक्‍त नया ख्वाब आंखों में लिए
अजनबी शहर से गांठ जोड़ती
जड़ों को सींचती, दुलराती।
अनजानी रवायतों से
सिहरती है नदी।

मेरे भीतर संवरती है नदी।
निखरती है चांद को देखकर
तारों की छांव में बहती नदी,
खुद से भी बतिया लेती है।
दिल में हिलोरें उठें,
तो चूम लेती है किनारों को।
भले खामोश हो शहर
उफनती है नदी।

मेरे भीतर सुलगती है नदी,
सवाल पूछती है
जवाब मांगती है
रूठती है, झगड़ती है।
बेख़ौफ टकराती है पत्थरों से।
छीन लाती है आसमान से उसका रंग
इसकी लहरों में आग भी है।
कभी जंगल में
पलाश सी दहकती है नदी।

मेरे भीतर ठहरती है नदी।
कभी निढाल होकर
पत्थरों पर बिखरती है।
हरदम बहती हुई,
मगर कभी बेज़ार सी घिसटती है।
वह नदी है, खुद संभलती है।
ठिठकती है, मगर रुकती नहीं
हर रोज़ मेरे भीतर से
गुज़रती है नदी...